जबलपुर। एमपी के जबलपुर में खितौला स्थित बस स्टैंड में वीडियो बनाने का विरोध करने पर बदमाशों ने लोडिंग ऑटो चालक मोहम्मद सोहेल रंगरेज का अपहरण बुरी तरह पीटा। यहां तक कि जान से मारने की धमकी देते हुए परिजनों ने फोन-पे के जरिए 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। फिर पीडि़त के पास रखे 2,600 रुपये नकद भी छीन लिए। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अध्ािकारियों ने बताया कि नया मोहल्ला सिहोरा निवासी मोहम्मद सोहेल 3 जून 2026 की रात करीब 11 बजे अपनी गाड़ी खड़ी करने खितौला बस स्टैंड गया था। वहां उसका दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ आया था। तभी लखराम मोहल्ला के विक्की, ओम और आशू वहां आकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। सोहेल द्वारा विरोध करने पर उस वक्त तो वे चले गए, कुछ देर बाद ही साथी अजीत, दीपक और सज्जू के साथ मोटरसाइकिलों पर वापस आए और सोहेल के साथ मारपीट करते हुए जबरन बाइक बैठाकर ले गए। आरोपी उसे पहले स्टेडियम और फिर कृषि उपज मंडी पहरेवा ले गए, जहां रास्ते में उनका एक 16 वर्षीय किशोर साथी भी शामिल हो गया। मंडी परिसर में आरोपियों ने सोहेल को बेरहमी से पीटा। अजीत ने बेल्ट से हमला किया और विक्की ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का वीडियो बनाया। अजीत ने सोहेल से 2,600 रुपये छीन लिए और छोडऩे के बदले 10,000 रुपये मांगे। सोहेल ने डरकर अपनी मां शबाना बी और भाई शोएब को फोन किया। शोएब जब पैसे लेकर मंडी पहुंचा, तो बदमाशों ने दीपक कोल के फोन-पे नंबर पर 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद सोहेल मंडी का गेट कूदकर भागा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को दबोचकर उनके पास से लूटी रकम, चाकू, बेल्ट, 4 मोबाइल और 2 बाइक जब्त की हैं।
पुलिस ने इन्हे किया है गिरफ्तार-
पुलिस ने इस मामले में अजीत कोल, दीपक कोल, विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल, आशू कुम्हार और संजू उर्फ सज्जू कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
जबलपुर में लोडिंग आटो चालक का अपहरण कर ऑन लाइन रुपए वसूले, 6 आरोपी गिरफ्तार
प्रेषित समय :08:00:58 AM / Sun, Jun 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




