जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित नांदघाट के समीप आज सुबह तेज गति से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकल सवार युवक साजन कुशवाहा को टक्कर मारकर कुचल दिया, हादसे में साजन की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ है जब साजन नागपुर से इलाज कराकर आ रहा था.
पुलिस के अनुसार साजन कुशवाहा नागपुर से अपनी बीमारी का इलाज कराकर बस से सिहोरा बस स्टैंड पर उतरा और बाइक से अपने घर जाने के लिए निकला, जब वह नादगांव गौरहा रोड से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान पीछ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. ट्रक की टक्कर लगते ही साजन सामने की ओर गिरा, जिसे ट्रक कुचलते हुए निकल गया, हादसे में साजन के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर चालक की तलाश शुरु कर दी है. इस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उधर युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. परिजन साजन के पूरी तरह स्वस्थ होकर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

