जबलपुर रेल मंडल की गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, 200 यात्रियों से 2 लाख का जुर्माना वसूला

जबलपुर रेल मंडल की गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, 200 यात्रियों से 2 लाख का जुर्माना वसूला

प्रेषित समय :19:54:49 PM / Tue, Jun 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. स्वच्छ भारत मिशन एवं भारतीय रेल की स्वच्छता संबंधी नीति के अनुरूप  जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने हेतु निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन जांच एवं कार्रवाई की गई.

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रैक क्षेत्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते हुए पाए गए कुल 200 यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को 2 लाख का रेल राजस्व प्राप्त हुआ.

रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए उद्घोषणाओं, पोस्टरों, डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों एवं जन-जागरूकता अभियानों का संचालन किया जाता है. इसके बावजूद कुछ यात्री सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर रेलवे परिसरों की स्वच्छता को प्रभावित करते हैं. ऐसे मामलों में रेलवे प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.

मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें. स्वच्छ रेलवे परिसर न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

जबलपुर रेल मंडल स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल रेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार नियमित जांच एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-