जबलपुर में करंट से 6 साल के बच्चे की मौत, खंभे के स्टे तार में उतर आया था करंट

जबलपुर में करंट से 6 साल के बच्चे की मौत, खंभे के स्टे तार में उतर आया था करंट

प्रेषित समय :17:07:41 PM / Wed, Jun 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ग्राम कुड़रिया में उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब 6 वर्षीय बालक घर के पास लगे बिजली के खम्बे की स्टे वायर में फैले करंट की चपेट में आ गया, जिससे बालक की मौत हो गई. बालक की मौत से गांव में आक्रोश व्याप्त रहा.

बताया गया है कि ग्राम कुड़रिया निवासी संदीप काछी का छह वर्षीय बेटा श्लोक घर के बाहर शौच के लिए गया था. इसी दौरान घर के पास लगे बिजली खंभे की स्टे तार में करंट आ गया. बताया जा रहा है कि श्लोक ने जैसे ही तार को पकड़ा, वह उससे चिपक गया और गंभीर रूप से झुलस गया. काफी देर तक बच्चे के वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे. इसी बीच एक ग्रामीण ने सूचना दी कि श्लोक खंभे के पास बेहोश हालत में पड़ा है.

आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि उस खंभे में पहले भी करंट आने की शिकायत बिजली विभाग से की गई थी. लाइनमैन और विभागीय कर्मचारियों को सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की अनदेखी के कारण ही मासूम की जान गई. ग्रामीणों का कहना था कि गांव में कई जगह बिजली के तार लटक रहे हैं और बरसात व आंधी के बाद हालात और खराब हो गए हैं. इसके बावजूद विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-