जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बदमाशों द्वारा पुलिस को लगातार चुनौती दी जा रही है, शहर में प्रतिदिन अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर बदमाश भाग जाते है, जिन्हे पकडऩा पुलिस के लिए नाकाम हो रहा है. बीती देर रात माढ़ोताल थाना क्षेत्र की करमेता बस्ती में 8 से 10 बदमाशों ने एक घर पर बम फेंककर इलाके में दहशत फैला दी. बुधवार को हुई इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.
खबर है कि बदमाशों ने सुमित चौबे के घर को निशाना बनाया. बमबाजी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद डरे-सहमे लोग घरों से बाहर निकले और पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं. मामले में क्षेत्र के शातिर बदमाश सौरभ यादव का नाम सामने आया है. आरोप है कि उसने एक लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. घटना के बाद से इलाके में डर और नाराजगी का माहौल है. लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े बमबाजी जैसी घटना के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है.

