जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित ग्राम सहजपुरी बरगी में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब फ्री में शराब न देने पर बदमाशों ने सेल्समैन पर हमला कर दिया. यहां तक कि घसीटते हुए सूनसान क्षेत्र में ले जाकर राजू को पीटा, फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी. फायरिंग से बचकर राजू किसी तरह थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने घायल राजू को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरगी नगर चौकी निवासी राजू यादव सहजपुरी स्थित शराब दुकान में सेल्समैन के पद पर काम करता है. बीती रात 8 बजे के लगभग राजू दुकान पर था. इस दौरान मनकेड़ी निवासी बबलू झारिया वहां पहुंचा और मुफ्त शराब की मांग करने लगा.
मैनेजर के आदेश का हवाला देकर मना करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद बबलू ने फोन पर अपने साथियों पवन देवक और निक्की महरोलिया से राजू की बात कराई, जिन्होंने धमकी दी और कुछ ही देर में सफेद स्कॉर्पियो से दुकान पहुंच गए. गाड़ी से उतरते ही आरोपियों ने सेल्समैन राजू यादव के साथ मारपीट कर दी.
यहां तक कि उसे जबरन खींचकर शराब दुकान के पीछे सुनसान इलाके में ले गए. वहां तीनों आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-मुक्कों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया, जिससे राजू के दाहिने पैर और कंधे में गंभीर चोटें आईं.
मारपीट के दौरान ही आरोपी पवन देवक ने पिस्टल निकाल ली, जिसे देख राजू जान बचाने के लिए भागा तो पीछा करते हुए फायरिंग शुरु कर दी. फायरिंग से बचते हुए राजू किसी तरह अपने परिचितों की मदद से थाना पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-



