रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. उसमें सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपनी मौसी के घर घूमने गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रक की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी. तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. टक्कर के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन जब तक युवकों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
ट्रक जब्त कर थाने में खड़ा किया
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक एक ही ऑटो में सवार होकर यात्रा कर रहे थे. मृतकों की पहचान हरिशंकर चतुर्वेदी निवासी बहुरी बांध, आशीष उपाध्याय निवासी बहुरी बांध और शैलेंद्र तिवारी निवासी डिहया भटलो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हरिशंकर अपने दो दोस्तों को लेकर मौसी के घर गया था, वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रीवा पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी ट्रक को जब्त कर थाने में रखवा लिया है.


