सतना. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सतना स्टेशन पर मुंबई से पटना जा रही जनता एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13202) के एसी एम-1 कोच में सांप दिखने की सूचना से यात्रियों में हड़कंप मच गया. इस घटनाक्रम के बाद वन विभाग की टीम द्वारा दिन में रेस्क्यू अभियान चलाया गया. बताया जा रहा है कि ट्रेन के मैहर स्टेशन से निकलने के बाद एक महिला यात्री ने अपर बर्थ नंबर-37 पर सांप होने की आशंका जताई.
बताया जाता है कि एक यात्री ने तुरंत सतना स्टेशन मास्टर एम. मतीन्द्र को इसकी सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम को तत्काल अलर्ट किया गया. दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर टीम सतना स्टेशन पहुंच गई. ट्रेन के सतना स्टेशन पहुंचते ही रेस्क्यू टीम ने एम-1 कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया. रेस्क्यू प्रभारी नरेंद्र पयासी के निर्देशन में मुकेश पांडेय, दिलीप निगम, बृजलाल वर्मा और संजय प्रजापति के साथ आरपीएफ और सी एंड डब्ल्यू स्टाफ ने कोच के हर हिस्से की बारीकी से जांच की. हालांकि, सांप का कोई सुराग नहीं मिला. इस दौरान ट्रेन करीब 15 मिनट तक सतना स्टेशन पर रुकी रही.
यात्रियों में डर का महौल रहा
तलाशी के दौरान कोच में बने बड़े छेदों को रेलवे की चादर लगाकर बंद कराया गया, ताकि सांप के आने-जाने का रास्ता रोका जा सके. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम मझगवां तक उसी कोच में सवार होकर निगरानी करती रही. पूरे रास्ते सांप दिखाई नहीं दिया. सांप नहीं मिलने के बाद रेस्क्यू प्रभारी ने रेलवे अधिकारियों को संबंधित कोच को यार्ड में खड़ा कराकर उसकी विशेष सफाई और तकनीकी जांच कराने की सलाह दी. घटना के बाद भी यात्रियों में दहशत बनी रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


