रायपुर. कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशिक्षण अभियान शुरू करने जा रही है. संगठन सृजन अभियान के तहत 21 जून से अभनपुर स्थित मंगल भवन में जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और संगठन को सशक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन देंगे.
प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे. वे विभिन्न जिलों की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी लेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार और जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और संगठन की कार्यशैली अधिक प्रभावी बनेगी.
इस संबंध में एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी और सभी जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है.
शिविर में एआईसीसी के वरिष्ठ पदाधिकारी, महासचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की उपस्थिति भी तय की गई है. निर्देशानुसार प्रशिक्षण के पहले दो दिन और अंतिम दो दिन प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी अनिवार्य होगी.
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी भी इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में यह आयोजन कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

