जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित भेड़ाघाट क्षेत्र में एक युवक का बकाया वेतन मांगना उसके परिवार के लिए भारी पड़ गया. आरोप है कि वेतन को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने युवक के चाचा पर हमला कर दिया. हमले में चाचा के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. हमले में घायल पीडि़त ने थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार भेड़ाघाट निवासी सचिन यादव ने बताया कि उनका भतीजा निहाल यादव पियूष साहू की दुकान में काम करता था. निहाल का करीब एक माह का वेतन बकाया था. जब उसने अपने मेहनताना की मांग की तो उसके साथ गाली-गलौज की गई. सचिन यादव का आरोप है कि कुछ दिन पहले पियूष साहू अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और निहाल को जान से मारने की धमकी दी. उस समय समझाइश के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन अगले ही दिन सचिन को धुआंधार क्षेत्र के पास घेरकर हमला कर दिया गया.
पीडि़त के अनुसार मारपीट करने वालों में पियूष साहू के अलावा उसके साथी अतुल, साहिल और बिट्टू पटेल शामिल थे. सचिन का कहना है कि पियूष को संदेह था कि निहाल दुकान में काम करने के दौरान चोरी करता है, इसी शक के चलते विवाद बढ़ा और हमला किया गया. सचिन यादव ने बताया कि उन्होंने भेड़ाघाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने हमलावरों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया है.

