जबलपुर में खड़ी बाइकों से पेट्रोल चोरी, तोड़ दिए वाहनों का लॉक, ग्वारीघाट क्षेत्र में घटना

जबलपुर में खड़ी बाइकों से पेट्रोल चोरी, तोड़ दिए वाहनों का लॉक, ग्वारीघाट क्षेत्र में घटना

प्रेषित समय :19:19:20 PM / Thu, Jun 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में दो पहिया वाहन भी सुरक्षित नहीं है, ऐसा ही एक मामला ग्वारीघाट आस्था अपार्टमेंट में देखने को मिला है. यहां पर दो युवक वाहनों से पेट्रोल चोरी करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं. स्थानीय लोगों ने फुटेज पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

आस्था अपार्टमेंट के निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से परिसर में खड़े वाहनों से लगातार पेट्रोल चोरी हो रहा था. मामला तब उजागर हुआ, जब लोगों ने संदेह होने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज में 18 जून की रात करीब 2 बजे दो युवक हाथ में खाली बोतल लेकर अपार्टमेंट में आते दिखाई दिए. दोनों ने पहले आसपास नजर दौड़ाई और फिर एक के बाद एक कई बाइकों से पेट्रोल निकाल लिया. सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी पहले एक एक्टिवा का हैंडल लॉक पैर की मदद से आसानी से तोड़ता नजर आता है.

इसके बाद उसने पास में खड़ी दूसरी बाइक को भी निशाना बनाया. पेट्रोल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से अपार्टमेंट के रहवासियों में नाराजगी है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ गए. सीएसपी एम.डी. नगोतिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है. थाना प्रभारी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-