ग्वालियर. ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर गांव में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. दंपती के शव एक ही कमरे में फंदे से लटके मिलने के बाद शुरू हुई जांच अब घटना की पूरी तस्वीर को स्पष्ट करने की ओर बढ़ रही है. पुलिस को मृतक के छोटे भाई के बयान से ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे यह आशंका मजबूत हुई है कि पहले पति ने आत्महत्या की और बाद में पत्नी ने भी उसी रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी.
पुलिस के अनुसार सबसे पहले मृतक विनोद प्रजापति के छोटे भाई हिमांशु ने कमरे का दरवाजा खटखटाया था. पूछताछ में उसने बताया कि सुबह जब उसने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से उसकी भाभी लक्ष्मी प्रजापति ने जवाब दिया कि “भैया सो रहे हैं” और कुछ देर बाद दरवाजा खोलने की बात कही. इसके बाद उसने लक्ष्मी के रोने की आवाज भी सुनी थी. जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो वह दोबारा दरवाजे पर पहुंचा. सुबह करीब साढ़े आठ बजे दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, तब दोनों के शव फंदे पर लटके मिले.
हस्तिनापुर निवासी 22 वर्षीय विनोद प्रजापति की शादी अप्रैल 2025 में भिंड जिले के गोहद निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मी प्रजापति से हुई थी. परिवार के अनुसार दोनों कुछ दिन पहले लक्ष्मी के मायके में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. वहीं किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद वे वापस लौट आए थे.
पुलिस को कमरे से कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं. घटनास्थल पर चूड़ियां बिखरी हुई थीं, जिससे झगड़े की आशंका जताई जा रही है. इसके अलावा कमरे से एक चालू मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है. दो अन्य पुराने मोबाइल भी मिले हैं. पुलिस मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से घटना से पहले की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य, घटनास्थल की स्थिति और परिजनों के बयानों से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि किसी विवाद के बाद पहले विनोद ने फांसी लगाई और बाद में लक्ष्मी ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट तथा तकनीकी जांच के बाद ही सामने आएगा. इस दुखद घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

