जबलपुर के पुष्पक नगर कछपुरा में लाखों रुपए की चोरी, दिन-दहाड़े वारदात से सनसनी

जबलपुर के पुष्पक नगर कछपुरा में लाखों रुपए की चोरी, दिन-दहाड़े वारदात से सनसनी

प्रेषित समय :19:04:26 PM / Tue, Jun 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पुष्पक नगर कछपुरा में आरती दाहिया के घर के घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपए के जेवर व नगदी 50 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया. दिन दहाड़े हुई चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना पर आक्रोश जताया है.

बताया गया है कि आरती दाहिया अपने घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी लगाकर यादव कॉलोनी में मकान का किराया देने गई थीं. इस दौरान कुंडी खोलकर घर के अंदर घुसे चोरोंने आलमारी के लॉकर को तोड़कर  50 हजार रुपये नकद सहित सोने और चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए. आरती दाहिया जब किराया देकर वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे की कुंडी वैसे ही लगी हुई थी, घर के अंदर जाने पर भी सारा सामान अपनी जगह सही तरीके से रखा हुआ था. इस वजह से शुरुआत में उन्हें घर में किसी भी तरह की अनहोनी या चोरी का कोई शक नहीं हुआ. इसके कुछ देर बाद उनके पति अजय दाहिया ने फोन कर बताया कि घर पर मिस्त्री आ रहा है और उसे काम का भुगतान करना है.

पति की बात सुनकर जब आरती पैसे निकालने के लिए अलमारी के पास पहुचीं, तो वहाँ का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था और उसके अंदर बना हुआ मजबूत लोहे का लॉकर टूटा हुआ पड़ा था. पीडि़ता के अनुसार अज्ञात चोर ने लॉकर तोड़कर उसमें रखे नगद 50 हजार रुपये समेट लिए. इसके साथ ही सोने का 1 हार, 6 अदद अंगूठी, 1 सोने की चैन, 5 नग बाले, 2 नग लोंग यानी नाक की कील पर हाथ साफ कर दिया. चोर अपने साथ चांदी की पायल व बिछिया भी बटोर ले गए. वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि आस-पास के पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. अब पुलिस टीम चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-