उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दिखाया गया है कि क्रेन से जमीन से 40 फीट ऊपर टाटा मैजिक वैन लटकाई गई है. हवा में ही वैन में विस्फोट हो जाता है. इसके पूर्व वैन के ऊपर मुंह पर कपड़ा लपेटे एक युवक लाल झंडा लहरा रहा है.
एक अन्य युवक भी वैन के ऊपर खड़ा है. घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है. बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे. मामले में क्रेन मालिक सहित चार लोगों पर एफआईआर हुई है. तीन लोग हिरासत में लिया गया है.
मोहर्रम का जुलूस निकाला गया
बड़नगर के अडान मोहल्ले में मोहर्रम का जुलूस निकाला गया. हजारों लोग मोहर्रम के इस जुलूस में शामिल हुए थे. जुलूस के दौरान एक वैन को क्रेन से बांधा गया. वैन ऊपर दो युवक खड़े होकर लाल झंडा लहराते रहे. युवकों ने मुंह पर कपड़ा ढांक रखा था. थोड़ी देर बाद वैन को क्रेन के माध्यम से ऊपर ले जाया गया. जमीन से लगभग 40 फीट की ऊंचाई पर वैन में विस्फोट किया गया.
वैन पर लिखा हुआ था ले फिर आ गए
वैन पर लिखा हुआ था ले फिर आ गए. एक इंस्टाग्राम आईडी परवेज एडिट्स 2.0 पर इस घटना का वीडियो वायरल भी किया गया. इसके अलावा और भी अन्य वीडियो इस आईडी पर थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस तरह का विस्फोट करके कुछ लोग क्या संदेश देना चाहते हैं, इस पर भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है. इस तरह की हरकत की हिंदूवादी संगठनों ने निंदा की है. वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने इस पर आपत्ति जताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ऐसा लगता है जैसे संदेश दिया जा रहा हो कि हम काफिरों की गाडिय़ों को इसी तरह उड़ा देंगे.
चार आरोपियों पर नामजद मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. इसमें चार आरोपियों पर नामजद मामला दर्ज किया गया है. इसमें आयोजक शोएब खान सहित अन्य आरोपियों को भी शामिल किया गया है. वैन पर झंडे लहराने वाले जाहिद खान और तस्लीम पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है. साथ ही वैन मालिक को भी आरोपी बनाया गया है.

