थाने पर ग्रेनेड हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तानी आतंकी से संपर्क रखने वाला युवक गिरफ्तार

थाने पर ग्रेनेड हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तानी आतंकी से संपर्क रखने वाला युवक गिरफ्तार

प्रेषित समय :19:25:34 PM / Sat, Jun 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

हनुमानगढ़. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने आतंकी को हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों की वीडियो, लोकेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भेजी थीं. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन सूचनाओं के बदले आरोपी को ऑनलाइन पैसे भी भेजे गए थे. पुलिस का दावा है कि थानों पर ग्रेनेड हमला करने जैसी साजिश के लिए यह सूचनाएं जुटाई जा रही थीं.

जिला पुलिस की एजीटीएफ, साइबर सेल और टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने टाउन के दशहरा ग्राउंड क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय क्रिश राय उर्फ शान को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी ने इस वर्ष फरवरी में अपनी सोशल मीडिया आईडी और व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क स्थापित किया था.

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे. इसके अलावा उसने व्हाट्सएप चैट के जरिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आतंकी के हथियारों से जुड़े पोस्ट और तस्वीरें अपने सोशल मीडिया खातों पर साझा कर रहा था, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था.

इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से संचालित पूरे नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खाते में ऑनलाइन धनराशि भेजे जाने के भी साक्ष्य मिले हैं. यह राशि किसने भेजी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस के रडार पर दो अन्य संदिग्ध भी हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है.

जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है, जबकि उसका परिवार पिछले लगभग 30 वर्षों से हनुमानगढ़ में रह रहा है. उसका मामा रायसिंहनगर में रहता है. पुलिस के अनुसार आरोपी विशेष रूप से अपने मामा के यहां गया था और वहीं से रायसिंहनगर थाने के वीडियो और तस्वीरें तैयार कर आतंकी को भेजीं.

पुलिस ने बताया कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम के माध्यम से भारत में युवाओं को जोड़कर अपना नेटवर्क तैयार करता है. उसके संपर्क में आने वाले लोग देश के भीतर सूचनाएं जुटाने और अन्य गतिविधियों में सहयोग करते हैं. हनुमानगढ़ जिले में पिछले तीन महीनों के दौरान शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी का यह तीसरा मामला है.

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि पंजाब में हुए थाने पर ग्रेनेड हमले की तर्ज पर राजस्थान में भी किसी पुलिस थाने को निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही थी. हालांकि अब तक जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-