रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार शाम रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने सौजन्य मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच जनजातीय समाज के विकास, लोक संस्कृति के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री ने डॉ. बुधरी ताती के सामाजिक जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों से आदिवासी समाज के उत्थान, पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं. उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर डॉ. ताती ने चार दशकों से अधिक समय तक बस्तर सहित वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किया है. उनके प्रयासों से अनेक महिलाओं को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिले हैं.
उन्होंने कहा कि डॉ. बुधरी ताती जैसी विभूतियां छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपरा और सेवा भावना की पहचान हैं. उनका जीवन समाज के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है.
इस अवसर पर डॉ. बुधरी ताती ने भी जनजातीय समाज के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. मुलाकात के दौरान उनके परिजन भी उपस्थित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

