जबलपुर. तिलवारा थानान्तर्गत ग्राम परासिया में नरेश उइके उस वक्त ट्रांसफारमर की चपेट में आ गया, जब वह शौच के लिए खेत से गुजर रहा था. नरेश को ट्रांसफारमर के पास झुलसी हुई हालत में देख गांव के लोगों में हड़कम्प मच गया. खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम परासिया तिलवारा में रहने वाले राजकुमार उइके का बेटा नरेश उम्र 18 वर्ष शाम 7 बजे के लगभग शौच के लिए खेत जाने घर से निकला, जब वह खेत पहुंचा तो उसका पैर ट्रांसफारमर से निकले तार पर पड़ गया, जिससे करंट लगने से नरेश की मौके पर मौत हो गई. काफी देर तक जब नरेश घर नहीं लौटा तो परिजन चितिंत हो गए और तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो देखा कि नरेश झुलसा हुआ मृत हालत में पड़ा है. नरेश को करंट लगने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है. वहीं घटना के बाद से गांव में मातम छाया रहा.

