कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला वनमंडल अंतर्गत ग्राम रामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियन प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई. यह घटना उस इमली के पेड़ पर हुई, जहां हर वर्ष हजारों किलोमीटर का सफर तय कर ये विदेशी पक्षी बरसात के मौसम में अपना बसेरा बनाते हैं. घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है.
ग्रामीणों के अनुसार, साइबेरियन पक्षी हर साल मानसून के दौरान रामपुर पहुंचते हैं और यहीं घोंसले बनाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं. बच्चों के उड़ने योग्य होने के बाद ये पक्षी फिर अपने मूल निवास की ओर लौट जाते हैं. स्थानीय लोग इन प्रवासी पक्षियों के आगमन को शुभ संकेत मानते हैं और इसे गांव की खुशहाली व अच्छे मौसम से जोड़कर देखते हैं.
बताया जा रहा है कि तेज गरज-चमक और बारिश के दौरान इमली के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे पेड़ पर बसेरा किए हुए छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है.
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि गांव में तड़ित चालक (Lightning Arrestor) लगाए जाने के बावजूद पेड़ पर बिजली कैसे गिर गई. उन्होंने तड़ित चालक की तकनीकी जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

