जबलपुर के बेलखेड़ा में रपटा से निकाली बुलेरो गाड़ी पानी के बहाव में बही, चालक की मौत

जबलपुर के बेलखेड़ा में रपटा से निकाली बुलेरो गाड़ी पानी के बहाव में बही, चालक की मौत

प्रेषित समय :19:09:56 PM / Thu, Jul 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बेलखेड़ा स्थित बरमान रोड पर आज हो रही बारिश के चलते रपटों के ऊपर पानी आ गया, जिससे लोगों की आवाजाही बंद हो गई. इस बीच वहां पर पहुंचे बुलेरो वाहन के चालक ने पानी बहते देख गाड़ी को निकाल दिया. रपटा के बीच पहुंची गाड़ी से चालक अपना संतुलन खो बैठा और बुलेरो नाले के अथाह पानी में समा गई. बुलेरो में ड्राइवर समेत 4 कर्मचारी सवार थे. उफनते नाले को पार करने की कोशिश में चालक की मौत हो गई. ग्रामीणों ने बुलेरो शराब ठेकेदार की बताई है.

खबर है कि कटाव के पास बने रपटे पर करीब 3 फीट पानी बह रहा था. वहां मौजूद दर्जनों लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे. इसी समय बुलेरो आई और उसके चालक ने रपटे के उफनाते पानी में गाड़ी डाल दी. नतीजा यह हुआ कि पानी के तेज बहाव में बुलेरो बह गई. देखते ही देखते नाले के गहरे पानी में समा गई. चीख-पुकार के बीच गाड़ी में सवार तीन लोगों ने कार का कांच तोड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली. चालक सदर निवासी रवि पिल्ले बुलेरो के भीतर ही फंस गया. करीब 3 घंटे तक यह बोलेरो गाड़ी पानी में डूबी रही. जब जलस्तर थोड़ा कम हुआ, तब ग्रामीणों ने गाड़ी का दरवाजा खोला और ड्राइवर रवि पिल्ले को बाहर निकाला. पिल्ले को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-