जबलपुर. एमपी के जबलपुर में आज विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन और उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी ने आज शहर की प्रमुख निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. निरीक्षण के अंतर्गत शताब्दी पुरम फेज-2, लखमीपुर, टीडीएस-2 और 64-65 नंबर स्कीम के कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. अध्यक्ष संदीप जैन ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूरे होने चाहिए.
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परियोजनाओं को पूरा करने में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. समयबद्ध तरीके से काम पूरा होने से ही आम जनता और हितग्राहियों को इन योजनाओं का त्वरित लाभ मिलना सुनिश्चित हो सकेगा. विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं. अध्यक्ष संदीप जैन ने निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियों और इंजीनियरों को कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की हर परियोजना का उद्देश्य लोगों को सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है, जिसे समय रहते पूरा करना अनिवार्य है.
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर रहकर निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करें ताकि आने वाली बाधाओं को तुरंत दूर किया जा सके. उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी ने बताया कि प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को अब अधिक पारदर्शी और गतिशील बनाया जा रहा है. चल रही योजनाओं को जल्द अंतिम रूप देकर हितग्राहियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. अधिकारियों को हर 15 दिन में कार्य की प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी स्तर पर लेटलतीफी होने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी. प्राधिकरण का स्पष्ट उद्देश्य है कि विकास की इस गति से शहर के निवासियों को सीधा और त्वरित लाभ प्राप्त हो सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

