जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गढ़ा क्षेत्र में रहने वाली महिला तस्लीम उस वक्त स्तब्ध रह गई, जब एक शादी समारोह में पहुंचे पति ने उसे तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कह दिया. महिला ने गढ़ा थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि पति ने तलाक देने के बाद दूसरी शादी भी कर ली है. पुलिस ने महिला तस्लीम की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
गढ़ा पुलिस को शिकायत देते हुए महिला तस्लीम ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले बड़े मदार छल्ला निवासी मोहम्मद शहनवाज से उसका निकाह हुआ था. शादी के कुछ दिन तक तो सबकुछ अच्छा रहा, लेकिन बाद में पति मोहम्मद शहनवाज का व्यवहार बदल गया, वह देर रात घर आता, इस बारे में पूछताछ करने पर मारपीट करने लगा. पति के अचानक बदले हुए व्यवहार से परेशान तस्लीम को पता चला कि शहनवाज के किसी और महिला के साथ प्रेम संबंध है, वह कभी कभी वहां पर जाता था, लेकिन अब वह अधिकतर समय उसी के साथ बिता रहा है.
इस बात को लेकर तस्लीम ने जब शहनवाज से बात करना चाही तो विवाद होने लगा, यहां तक कि वह आए दिन मायके जाने के लिए दबाव बनाने लगा, घर के खर्च के लिए रुपया देना भी बंद कर दिया. बीती रात एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में फिर दोनों के बीच महिला को लेकर विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ा कि शहनवाज ने मेहमानों व रिश्तेदारों के सामने ही पत्नी को तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कहा और चला गया. तस्लीम तलाक सुनकर कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गई, यहां तक कि मेहमानों में भी चर्चा होने लगी. रोती बिलखती हुई महिला घर आई और परिजनों के साथ गढ़ा थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि जिस युवती से उसके पति के संबंध थे, अब उसे अपने घर में रख लिया है. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

