जबलपुर ईओडबलू का नरसिंहपुर के गाडरवारा में सेवानिवृत्त नगर पालिका कर्मचारी के घर आय से अधिक मामले में कार्रवाई

जबलपुर ईओडबलू का नरसिंहपुर के गाडरवारा में सेवानिवृत्त नगर पालिका कर्मचारी के घर आय से अधिक मामले में कार्रवाई

प्रेषित समय :14:19:38 PM / Fri, Jul 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा शहर में शुक्रवार 3 जुलाई की सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के सेवानिवृत्त सहायक निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के निवास पर छापा मारा. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की जांच के बाद विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर ईओडब्ल्यू की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

20 सदस्यीय टीम सुबह एमपीईबी कॉलोनी स्थित योगेंद्र ढिमोले के घर पहुंची. टीम में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के साथ संपत्तियों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड का सत्यापन शुरू किया. कार्रवाई के दौरान घर के बाहर लोगों की भीड़ भी जुटी रही.

ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि योगेंद्र ढिमोले पूर्व में लखनादौन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी का प्रभार संभाल चुके हैं. बाद में उनका स्थानांतरण गाडरवारा हुआ था और अप्रैल 2026 में वे सेवानिवृत्त हुए हैं. उनके खिलाफ लखनादौन में पदस्थापना के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच की जा रही थी.

डीएसपी के अनुसार जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विशेष न्यायालय नरसिंहपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया. प्रारंभिक जांच में गाडरवारा स्थित दो प्लॉटों पर निर्मित आवास, लखनादौन में एक मकान, एक खाली प्लॉट, दो कृषि भूमि, बेटे के नाम पर एक दुकान, एक कार, एक थार वाहन, तीन मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा मिक्सर मशीन सहित अन्य संपत्तियों की जानकारी सामने आई है.

घर से मिले नकदी और आभूषणों का भी आकलन

ईओडबलू टीम इन सभी संपत्तियों का मूल्यांकन कर रही है. इसके अलावा घर से मिले नकदी और आभूषणों का भी आकलन किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि संपत्तियों और अन्य परिसंपत्तियों का अंतिम मूल्यांकन पूरा होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-