जबलपुर। जबलपुर के तिलवारा क्षेत्र से मोहम्मद कामरान अली व राहुल शर्मा का इनोवा कार से अपहरण कर प्राणघातक हमला करने वाले तीन कुख्यात बदमाशों को पुलिस ने सरगर्मी से तलाश करते हुए बंदी बना लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से कई अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू व इनोवा कार जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार मोहम्मद कामरन अली उम्र 24 वर्ष निवासी नया मोहल्ला ओमती अपने दोस्त राहुल शर्मा के साथ शेरे पंजाब ढाबा तिलवारा खाना खाने आया था। जहां से वह रात 2-30 बजे स्कूटी से घर जाने के लिए निकला, जब वह तिलवारा पुल से आगे बढ़ रहा था। इस दौरान इनोवा कार से आए अमन कोल, बहत्तर सिंह, निक्की एवं उनके साथियों ने गाली गलौज कर मारपीट कर दी। यहां तक कि कामरान व राहुल पर चाकु से हमला कर दिया। हमला होते ही राहुल भाग गया। वहीं अमन कोल और उनके साथियों ने कामरान को कार में बिठाया और रांझी खमरिया तरफ ले गए। रास्तें में बदमाशों ने कामरान पर चाकू, लाठी से हमला किया, इसके बाद रांझी अस्पताल के पास छोड़कर भाग निकले। घायल कामरान की सूचना पर भाई अमान खान और मोहम्मद अरमान अली पहुंचे और रांझी अस्पताल में इलाज कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी अमन कोल 21 वर्ष निवासी गांधी चौक मानेगांव थाना रांझी, विशाल ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी मानेगांव थाना रांझी, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह पिता विश्वनाथ वर्मा उम्र 29 वर्ष निवासी मनमोहन नगर थाना रांझी को तलाश करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
एक के खिलाफ कई अपराधिक प्रकरण दर्ज है-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गये आरोपी आपराधिक प्रवृति के हैं आरोपी चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह के विरूद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास, आयुध अधिनियम, आबकारी एक्ट सहित पूर्व से 15 अपराध तथा आरोपी अमन कोल के विरूद्ध हत्या का प्रयास, आयुध अधिनियम मारपीट, आबकारी एक्ट, विस्फोटक अधिनियम, अवैध वसूली सहित पूर्व से 16 अपराध पंजीबद्ध हैं।
जबलपुर में दो युवकों का अपहरण कर प्राणघातक हमला करने वाले कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, इनोवा कार जब्त
प्रेषित समय :11:55:53 AM / Tue, Jul 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




