जबलपुर। जबलपुर में पनागर स्थित ग्राम मझगवां में आज जमीनी विवाद पर दो पक्षों के बीच टकराव हो गया, जिसमें दोनों ही पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला कियाहै। हमले में 4 लोगों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। जिन्हे उपचार के लिए पनागर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।
बताया गया है कि मझगवां गांव में जमीन को लेकर ज्ञान सिंह ठाकुर और देव प्रकाश दुबे के परिवार के बीच रंजिश चल रही है। जिसके चलते दोनों ही पक्षों के लोग हर वक्त एक दूसरे से बदला लेने की फिराक में रहते थे। आज भी जमीन को लेकर फिर एक बार दोनों पक्ष आमने सामने हो गए, जिनके बीच हो रही बहस टकराव में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के लोग घरों से लाठी व डंडे लेकर आए और एक दूसरे पर हमला करना शुरु कर दिया। परिवारों के बीच टकराव होते देख आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्होने दोनों पक्षों के लोगों को अलग अलग करने की कोशिश की लेकिन वे किसी की बात को सुनने तैयार नहीं थे। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने दोनों पक्षों के लोगों को अलग कर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को चोट आई है। पुलिस ने ज्ञान सिंह ठाकुर निवासी मझगवां कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं देव प्रकाश दुबे की शिकायत पर भी पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट का प्रकरण कायम किया है।
जबलपुर में जमीन विवाद पर दो पक्षों के बीच टकराव, दोनों ओर चले लाठी-डंडे, 4 घायल
प्रेषित समय :18:48:26 PM / Mon, Jul 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





