मंडला. मध्य प्रदेश के नेशनल हाईवे-30 पर मंडला-जबलपुर मार्ग में गाजीपुर के पास ट्रक और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में चार युवक घायल हो गए. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के दौरान कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चारों युवकों की जान बच गई.
बताया जाता है कि ट्रक रायपुर की ओर से आ रहा था, जबकि कार क्रमांक एमपी 20 एफएक्स 3319 जबलपुर से बिछिया की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक आरजे 41 जीए 6737 से उसकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर की तीव्रता से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
चारों घायलों को अस्पताल भेजा गया
दुर्घटना में अजय सोनी, जगदीश रजक, भूपेंद्र उईके और शिवेंद्र उईके घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को कार से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मंडला जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया.
दिल्ली से लौट रहे थे दो युवक
अजय सोनी और जगदीश रजक दिल्ली से लौटे थे. उन्हें लेने के लिए भूपेंद्र उईके और शिवेंद्र उईके जबलपुर रेलवे स्टेशन गए थे. चारों युवक जिले के बिछिया और राजो क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. स्टेशन से वापस लौटते समय यह हादसा हो गया.
तेज रफ्तार में थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार तेज रफ्तार में थी. ओवरटेक करने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते सामने से आ रहे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई. दुर्घटना के बाद कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

