जबलपुर. भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजेश मिश्रा को जबलपुर संभाग का कार्यालय मंत्री नियुक्त किया है. प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की. इससे पहले राजेश मिश्रा जिला कार्यालय मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं. संगठन में उनके लंबे अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संभाग स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. भाजपा नेताओं का मानना है कि उनकी नियुक्ति से जबलपुर संभाग में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पार्टी का कार्य अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित होगा.
राजेश मिश्रा की नियुक्ति पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. इसके अलावा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, जगत बहादुर सिंह अन्नू, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, निशक्त जन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संदीप रजक और जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी.
नई जिम्मेदारी के तहत राजेश मिश्रा का कार्यक्षेत्र अब पूरे जबलपुर संभाग तक विस्तारित होगा. वे संभाग स्तर पर कार्यालय संचालन, विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय, बैठकों की रूपरेखा तैयार करने और पार्टी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे. भाजपा नेताओं का विश्वास है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक कौशल का लाभ आगामी चुनावी तैयारियों के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने में मिलेगा. कार्यकर्ताओं ने भी उम्मीद जताई है कि राजेश मिश्रा अपने पूर्व कार्यकाल की तरह नई जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे, जिससे जबलपुर संभाग में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

