जबलपुर. शहर के मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे गुरुवार की दोपहर अचानक चलती कार में आग लग गई. आग लगते ही चालक ने कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. वहीं रेल अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ब्रिज का निरीक्षण किया.
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मदन महल रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे हुई. कार अचानक धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जिस स्थान पर कार में आग लगी, उसके ठीक ऊपर रेलवे ट्रैक होने के कारण घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कार चालक वाहन से बाहर निकल गया और बाद में मौके से चला गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलने पर मदन महल थाना पुलिस, दमकल विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


