बालाघाट में हादसा : धान रोपाई के लिए जा रही 18 महिलाओं से भरा पिकअप पलटा, दो गंभीर

बालाघाट में  हादसा : धान रोपाई के लिए जा रही 18 महिलाओं से भरा पिकअप पलटा, दो गंभीर

प्रेषित समय :14:15:12 PM / Sun, Jul 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में रविवार 12 जुलाई को खरीफ सीजन में धान की रोपाई के लिए निकलीं 18 महिलाएं भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गईं. ग्रामीण महिलाओं से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सभी महिलाएं घायल हो गईं.

हादसा रामपायली थाना क्षेत्र के बटरमारा पुल के पास हुआ. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया. दो महिलाएं सुनीता गजबिये और सविता लिल्हारे की गंभीर हालत को देखते हुए गोंदिया रेफर किया गया है, जबकि एक महिला का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी घायल ग्राम डोंगरमाली और बिटोली की निवासी हैं.

अनियंत्रित होकर पलट गया पिकअप

उर्मिला लिल्हारे और रेखा उपवंशी ने बताया कि वह रविवार सुबह लगभग 9 बजे अपने गांव (डोंगरमाली) से पिकअप में बैठी थीं. वह सभी नेवरगांव में धान की रोपाई (पराह) लगाने जा रही थीं. तभी बटरमारा पुल के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद जब आंख खुली तो सभी महिलाएं घायल अवस्था में गिरी पड़ी थीं. जबकि पिकअप वाहन खेत में पलटा हुआ था. रामपायली पुलिस घायलों के बयान ले रही है. घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-