जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित माढ़ोताल थाना के सामने आत्मदाह करने वाले युवक गंगाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी हालत में युवक पिछले छह दिनों से मेडिकल अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया है।
बताया गया है कि प्रभात नगर माढ़ोताल निवासी गंगाराम ने 5 जुलाई को माढ़ोताल थाने के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। गंभीर हालत में गंगाराम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। मृतक के परिजनों का गंभीर आरोप है कि गंगाराम ने अस्पताल में दर्ज कराए गए अपने मजिस्ट्रियल बयान में तीन लोगों के नाम लिए थे। जिन्होंने उसे इस आत्मघाती कदम के लिए मजबूर किया। लेकिन पुलिस ने अब तक उन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। दूसरी ओर माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार का कहना था कि थाने के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है कि मृतक गंगाराम घटना से पहले कभी कोई शिकायत लेकर थाने आया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया था। इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मृतक पहले एक आपराधिक मामले में सजा काट चुका था। वह उस पुराने मामले में अपने खिलाफ कथित झूठी गवाही देने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहा था। मृतक के मजिस्ट्रियल बयान और घटना से जुड़े सभी तकनीकी व जमीनी तथ्यों की पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
जबलपुर के माढ़ोताल थाना के सामने आत्मदाह करने वाले युवक गंगाराम की अस्पताल में मौत
प्रेषित समय :05:49:24 AM / Sun, Jul 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




