जबलपुर. यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में रविवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कमल कुमार तलरेजा ने अधिकारियों की टीम के साथ ट्रेन संख्या 20162 जबलपुर-पुणे वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जबलपुर से इटारसी तक ऑन-बोर्ड सघन निरीक्षण किया. इस दौरान यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्वच्छता का बारीकी से जायजा लिया गया. वहीं विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले 47 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 44,360 रुपये का रेल राजस्व भी वसूला गया.
निरीक्षण के दौरान डीआरएम कमल कुमार तलरेजा के साथ वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा तथा रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों की टीम ने विभिन्न कोचों में पहुंचकर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया. कोचों की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता, पंखों और लाइटों की कार्यशीलता सहित अन्य विद्युत उपकरणों की भी जांच की गई.
इसके अलावा फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति, यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले बेडरोल और कंबलों की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी इंतजाम और कोचों में उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी कमी न रहे.
यात्रा के दौरान डीआरएम ने कई यात्रियों से सीधे संवाद कर रेल सेवाओं के संबंध में उनकी राय और सुझाव भी लिए. यात्रियों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया. इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए और सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
निरीक्षण के समानांतर वाणिज्य विभाग की ओर से विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया गया. अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट अथवा अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे कुल 47 यात्रियों को पकड़ा गया. रेलवे नियमों के तहत इन यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 44,360 रुपये का रेल राजस्व वसूल किया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और रेल राजस्व की सुरक्षा करना है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जबलपुर रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. इसी उद्देश्य से समय-समय पर ट्रेनों और रेलवे परिसरों का निरीक्षण, टिकट जांच अभियान तथा सुरक्षा संबंधी विशेष अभियान चलाए जाते हैं. अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की नियमित कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं मिल सकें और यात्रा का अनुभव अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

