जबलपुर. शहर के अधारताल थाना क्षेत्र के अमखेरा में एक विवाहिता को कथित रूप से जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसी महिला ने अस्पताल में पुलिस को दिए अपने बयान में पति और सास पर आग लगाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता के कथनों के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं महिला का इलाज अस्पताल में जारी है.
पुलिस के अनुसार पीड़िता नंदनी कोरी मूल रूप से कटनी जिले के कुठला क्षेत्र की निवासी है. करीब सात वर्ष पहले उसका विवाह अमखेरा निवासी वीरेन्द्र कोरी से हुआ था. महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति वीरेन्द्र और सास जयंती कोरी उसे घरेलू विवादों को लेकर प्रताड़ित करते थे. कई बार उसके साथ मारपीट कर उसे मायके भेज दिया जाता था. मायके पहुंचने पर परिजन उसे समझाकर दोबारा ससुराल भेज देते थे, लेकिन कथित प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा.
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना की रात वह अपनी छोटी बेटी के लिए रसोई में गैस पर दूध गर्म कर रही थी. इसी दौरान उसकी सास रसोई में आई और कथित रूप से उसकी साड़ी का पल्लू जलते गैस बर्नर पर रख दिया. कुछ ही क्षणों में आग पूरे कपड़ों में फैल गई और वह गंभीर रूप से झुलस गई. महिला का आरोप है कि उसकी चीख-पुकार सुनकर पति मौके पर पहुंचा, लेकिन उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया. बाद में शोर सुनकर ससुर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की. इसके बाद पति ने भी पानी डाला.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद उसे तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया. उसके अनुसार पूरी रात उसे घर में ही रखा गया और पति उस पर सास के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाता रहा. पीड़िता का कहना है कि उससे वीडियो बनाकर यह कहलवाने की कोशिश की गई कि घटना दुर्घटनावश हुई है. उसने आरोप लगाया कि ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई.
महिला के अनुसार सुबह करीब पांच बजे उसकी चाची सास को घटना की जानकारी मिली. वह मौके पर पहुंचीं और उसे उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल लेकर गईं. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे राइट टाउन स्थित मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बीच पीड़िता के कथन दर्ज किए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला ने अपने बयान में स्पष्ट रूप से पति वीरेन्द्र कोरी और सास जयंती कोरी पर आग लगाने तथा समय पर उपचार नहीं कराने के आरोप लगाए हैं. इन्हीं कथनों के आधार पर दोनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे. अधिकारियों के अनुसार जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

