जबलपुर। रानीताल स्थित शराब दुकान के बाहर से कार चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर न्यायालय से जारी तीन वारंट भी लंबित थे। बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि संजय जैन द्वारा रानीताल शराब दुकान के बाहर खड़ी कार चोरी होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। शहर में प्वाइंट सूचना प्रसारित करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान चोरी की कार विजयनगर क्षेत्र में जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद एएसआई राजेश वर्मा और उनकी टीम ने घेराबंदी कर कार का पीछा किया और वाहन सहित आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान उजारपुरवा निवासी समीर डुमार के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसने पूर्व में गोराबाजार क्षेत्र से भी एक स्कूटर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




