जबलपुर- कटनी के बीच ट्रेनों में दबंगई, आरपीएफ ने जबरन वसूली करने वाले 4 किन्नरों को किया गिरफ्तार

जबलपुर- कटनी के बीच ट्रेनों में दबंगई, आरपीएफ ने जबरन वसूली करने वाले 4 किन्नरों को किया गिरफ्तार

प्रेषित समय :12:03:58 PM / Mon, Jul 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने की शिकायतों पर रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए चार किन्नरों को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं 145 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

आरपीएफ को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ किन्नर ट्रेनों में चढ़कर यात्रियों से जबरन पैसे मांगते हैं. पैसे नहीं देने पर वे अभद्रता करते थे और कई बार विवाद व हाथापाई की स्थिति भी बन जाती थी.

चेकिंग के दौरान पकड़े गए

रविवार को आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह और आरक्षक हरिकेश दुबे ने स्टेशन और ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-6 के कटनी छोर पर चार किन्नर यात्रियों से पैसे मांगते हुए मिले. पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में यात्रियों से पैसे मांगते हैं. उनके पास से वसूली गई नकदी भी बरामद हुई.

कटनी से जबलपुर तक करते थे सफर

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कटनी जिले के गायत्री नगर के रहने वाले हैं और उनके गुरु का नाम हेमा है. वे रोजाना कटनी से जबलपुर, नरसिंहपुर और पिपरिया तक ट्रेनों में सफर कर यात्रियों से पैसे मांगते थे.

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में लीजा (22), नैन्सी (23), तानिया (27), रीना (26), चारों निवासी गायत्री नगर, कटनी हैं. आरपीएफ ने सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-