जबलपुर : तेज रफ्तार कार का तांडव, 6 को मारी टक्कर, घायलों में एक ही परिवार के 3 लोग

जबलपुर : तेज रफ्तार कार का तांडव, 6 को मारी टक्कर, घायलों में एक ही परिवार के 3 लोग

प्रेषित समय :11:46:13 AM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर शहर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित जय प्रकाश नगर में सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई. कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई जब एक तेज रफ्तार कार जय प्रकाश नगर क्षेत्र से गुजर रही थी. चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे खड़े लोगों और दुकानों से जा टकराई.

घायलों में जय प्रकाश नगर, अधारताल निवासी 41 वर्षीय अजय श्रीवास, एसबीआई कॉलोनी उखरी निवासी 50 वर्षीय संजय सिंह, जय प्रकाश नगर, अधारताल निवासी 74 वर्षीय लालू प्रसाद सोनी शामिल हैं. इसके अलावा, गोसलपुर निवासी दिनेश रजक (32), उनकी पत्नी नेहा रजक (30) और 15 माह की बेटी ओजस्वी रजक भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार (पंजीयन क्रमांक MP34CA 0718) को जब्त कर लिया है. पुलिस ने नेता कॉलोनी निवासी आरोपी चालक 24 वर्षीय मोहम्मद एहतेशाम को भी हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-