ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर कोलकाता 2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म का जलवा, ‘Best Decoration of Stall & Appearance’ राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ी प्रदेश की पहचान

ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर कोलकाता 2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म का जलवा, ‘Best Decoration of Stall & Appearance’ राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ी प्रदेश की पहचान

प्रेषित समय :14:46:27 PM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. देश के 21 राज्यों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित पर्यटन मेले में बोर्ड को आकर्षक और रचनात्मक पवेलियन के लिए "Best Decoration of Stall & Appearance" सम्मान से नवाजा गया.

10 से 12 जुलाई तक विश्व बंगला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के पवेलियन ने पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स, पर्यटन विशेषज्ञों और निवेशकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया. पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रदर्शित किया गया.

आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों तथा निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकों में हिस्सा लिया. इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त टूर पैकेज, मार्केटिंग सहयोग और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई.

मेले में छत्तीसगढ़ के साथ लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी भाग लिया. इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर बेहतर पहचान मिली और नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खुले.

पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य पर्यटन क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है. उन्होंने कहा कि टीटीएफ जैसे राष्ट्रीय आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं.

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण का मजबूत आधार मानते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है. वहीं, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि यह सम्मान राज्य के पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इससे छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में नई गति मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-