इलेक्ट्रॉनिक वाहन की बैटरी हुई खराब, उपभोक्ता ने कंपनी से लगाई गुहार, सर्विस सेंटर से राहत न मिलने का आरोप

इलेक्ट्रॉनिक वाहन की बैटरी हुई खराब, उपभोक्ता ने कंपनी से लगाई गुहार, सर्विस सेंटर से राहत न मिलने का आरोप

प्रेषित समय :17:18:46 PM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है. तकनीकी समस्याओं के कारण कई उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है. ऐसा ही एक मामला जबलपुर से सामने आया है, उपभोक्ता ने ओकाया कंपनी के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की बैटरी खराब होने और सर्विस सेंटर से समाधान नहीं मिलने की शिकायत की है.

मालवीय चौक स्थित सुहाने न्यूज एजेंसी के संचालक राकेश सुहाने ने ओकाया कंपनी के क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक को पत्र भेजकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि करीब चार वर्ष पहले अधिकृत डीलर के माध्यम से कंपनी का इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदा था. वाहन का उपयोग सीमित रहा और अधिकांश समय वह खड़ा ही रहा. शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद संबंधित डीलर ने एजेंसी छोड़ दी, जिसके बाद दूसरे व्यक्ति ने एजेंसी का संचालन संभाला.

वाहन की बैटरी बार-बार डिस्चार्ज होने और काम नहीं करने की समस्या आने पर उसे नए डीलर के सर्विस सेंटर पर दिखाया गया. राकेश सुहाने का आरोप है कि हर बार अलग-अलग तकनीकी कारण बताए गए. कभी कंट्रोलर खराब होने की बात कही गई तो कभी बैटरी बैलेंसिंग और अन्य तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया गया. इस दौरान सर्विस चार्ज और अन्य शुल्क भी वसूले गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.

कंपनी से बैटरी बदलने की मांग-

उपभोक्ता का कहना है कि अब वाहन की बैटरी पूरी तरह खराब हो चुकी है और नई बैटरी लगवाने की सलाह दी जा रही है. उन्होंने कंपनी से मांग की है कि यदि जांच में बैटरी या अन्य उपकरणों में निर्माण अथवा तकनीकी दोष पाया जाता है तो कंपनी की नीति के अनुसार बैटरी बदली जाए या उचित राहत प्रदान की जाए.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-