तेल मालिश कराने स्पा सेंटर पहुंचे बुजुर्ग की अचानक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

तेल मालिश कराने स्पा सेंटर पहुंचे बुजुर्ग की अचानक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

प्रेषित समय :19:29:39 PM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर के तैय्यब अली क्षेत्र स्थित विधि स्पा सेंटर में मंगलवार को तेल मालिश कराने पहुंचे एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आरबी सिंह (64) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन स्पा सेंटर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए. मामले को लेकर स्पा सेंटर प्रबंधन और पुलिस के अलग-अलग बयान सामने आए हैं.

जानकारी के अनुसार आरबी सिंह मंगलवार को नियमित तेल मालिश कराने के उद्देश्य से विधि स्पा सेंटर पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई. स्पा सेंटर में मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

स्पा सेंटर में मिले दस्तावेजों के आधार पर प्रबंधन ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को अपने साथ ले गए. घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

स्पा सेंटर के संचालक तरुण दीक्षित ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ते ही उनके परिजनों को सूचना देने के साथ-साथ ओमती थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई थी. उनका कहना है कि परिजनों ने लिखित आवेदन देकर बताया कि मृतक लंबे समय से बीमार थे और इसी कारण उन्होंने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई.

वहीं, ओमती थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत या आवेदन प्राप्त होता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना को प्रथम दृष्टया प्राकृतिक मौत माना जा रहा है, लेकिन यदि भविष्य में कोई तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर जांच की जा सकती है. घटना के बाद इलाके में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-