जबलपुर में युवक का मोबाइल फोन हैक कर खाली किया एकाउंट, यूपी के ठगों का कारनामा

जबलपुर में युवक का मोबाइल फोन हैक कर खाली किया एकाउंट, यूपी के ठगों का कारनामा

प्रेषित समय :16:17:41 PM / Tue, Jul 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रविदास नगर बड़ा पत्थर रांझी में रहने वाले राजेन्द्र चौधरी नामक युवक का मोबाइल हैक कर ठगों ने 50 हजार रुपए निकाल लिए. राजेन्द्र को मोबाइल हैक होने की जानकारी भी उस वक्त लगी जब उन्होने किराना का सामान खरीदने के बाद जैसे ही पेमेंट करना चाहा तो देखा कि खाते में रुपए ही नहीं है. पुलिस ने राजेन्द्र चौधरी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.

पुलिस के अनुसार रविदास नगर बड़ा पत्थर रांझी में रहने वाले राजेन्द्र चौधरी उम्र 31 वर्ष प्राइवेट जॉब करते है. पिछले दिनों दोपहर के वक्त उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग होकर बंद हो गया. करीब 15 मिनट बाद मोबाइल फोन फिर चालू हो गया, उन्होने यही समझा कि शायद हैंग होने के कारण मोबाइल बंद हुआ होगा. लेकिन हकीकत ये थी साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर एकाउंट से 50 हजार रुपए निकाल लिए थे. इधर राजेन्द्र चौधरी ने इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया.

इसके बाद उन्होने बाजार पहुंचकर घर के लिए किराने का सामान खरीदा और जैसे ही ऑन लाइन पेमेंट किया तो पेमेंट नहीं हुआ. उन्होने एकाउंट चेक किया तो पता चला कि उनके एकाउंट में तो रुपए है ही नहीं. जिससे वे घबरा गए, उन्होने परिजनों से चर्चा की, इसके बाद उन्हे जानकारी लगी कि मोबाइल फोन हैक करके ठगों ने सारे रुपए निकाल लिए है. यह ठगी की वारदात यूपी से की गई है. पुलिस ने राजेन्द्र चौधरी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-