ओवरनाइट एक्सप्रेस में रेल अफसर की पत्नी से छेड़छाड़ मामले में आरपीएफ डीआईजी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

ओवरनाइट एक्सप्रेस में रेल अफसर की पत्नी से छेड़छाड़ मामले में आरपीएफ डीआईजी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

प्रेषित समय :14:47:57 PM / Wed, Jul 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. इंदौर से जबलपुर आ रही ओवरनाइट एक्सप्रेस में वर्ष 2019 में एक रेल अफसर की पत्नी के साथ एसी कोच में हुई छेडख़ानी की एक घटना को लेकर नरसिंहपुर न्यायालय ने पश्चिम मध्य रेलवे में पदस्थ तत्कालीन आरपीएफ के डीआईजी विजय खातरकर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है.

घटना के बाद पीडि़ता ने गाडरवारा जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. इस कार्रवाई ने पूरे रेलवे महकमे में हलचल मचा दी है. रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने से विभाग के भीतर और बाहर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने तेज की सक्रियता

न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी अब अपनी कानूनी प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर रही है.  पूरा मामला वर्ष 2019 का है जब ट्रेन यात्रा के दौरान एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था. उस समय की गई शिकायत पर अब तक चली कानूनी प्रक्रिया के अंतिम चरण में यह गिरफ्तारी वारंट एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अधिकारी खुद समर्पण करेंगे या जीआरपी उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने उपस्थित करेगी. वर्तमान में जीआरपी की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अधिकारी को पकड़ने का प्रयास कर रही हैं. यह मामला न्याय व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें कानून का पालन कराने वाली संस्था का ही एक बड़ा अधिकारी आरोपी है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-