भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑक्सीजन सिलेंडर वाले ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑक्सीजन सिलेंडर वाले ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

प्रेषित समय :15:04:23 PM / Thu, Jul 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भिलाई. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर गुरुवार को एक बेहद दुखद और हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक खड़ी ट्रैक्टर से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें स्कूटी सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में 8 साल का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है.

मामा के घर जा रहा था परिवार:
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने परिवार के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं. इसी दौरान हाईवे पर खड़े आक्सीजन सिलिंडरों से लदे एक ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए.

हादसे में हताहत:
इस भीषण टक्कर के कारण स्कूटी पर सवार अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, 8 वर्षीय बालक भावेश इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए एम्स रायपुर (AIIMS Raipur) रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

ट्रैक्टर चालक हिरासत में: दुर्घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया है. पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार ऑक्सीजन सिलिंडर से लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और उसके चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-