रायपुर.छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा बेहद हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में निकाली जा रही है. इस पावन अवसर पर गायत्री नगर स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में प्रदेश के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए. दोनों ही दिग्गजों ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
निभाई 'छेरा-पहरा' की पारंपरिक रस्म:
रथयात्रा की शुरुआत से पहले बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली 'छेरा-पहरा' की रस्म निभाई गई. राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पारंपरिक रस्म के तहत सोने की झाड़ू से भगवान के रथ के आगे के मार्ग की सफाई की. इस दौरान राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उनके साथ मौजूद रहीं, जिन्होंने भगवान जगन्नाथ जी की विशेष पूजा-आरती की.
भक्तों का उमड़ा जनसैलाब: गायत्री नगर जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा. 'जय जगन्नाथ' और 'हरे कृष्णा' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा. महाप्रभु की इस पावन रथयात्रा में शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु रायपुर पहुंचे हैं, जो रथ खींचकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

