छत्तीसगढ़ विधानसभा में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण: धरमलाल कौशिक और राघवेंद्र सिंह बने उत्कृष्ट विधायक

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण: धरमलाल कौशिक और राघवेंद्र सिंह बने उत्कृष्ट विधायक

प्रेषित समय :16:12:21 PM / Thu, Jul 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास में आज एक और नया अध्याय जुड़ गया है. 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण के बाद, आज राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विधानसभा परिसर में ही नवनिर्मित भव्य प्रेक्षागृह (Auditorium) का लोकार्पण किया. इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रेक्षागृह में 'उत्कृष्टता अलंकरण समारोह' का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए.

धरमलाल कौशिक और राघवेंद्र सिंह हुए सम्मानित:
समारोह के दौरान संसदीय परंपराओं के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक तथा अकलतरा विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह को 'उत्कृष्ट विधायक अलंकरण' से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए दैनिक पत्रिका के पत्रकार संतराम साहू (प्रिंट मीडिया) तथा आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार व डॉ. राजेश राज (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण प्रदान किया गया.

आत्मानुशासन का सबसे बड़ा उदाहरण:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में प्रवेश करते ही विधायक स्वतः निलंबित हो जाते हैं. यह व्यवस्था हमारे आत्मानुशासन और संसदीय मर्यादा की विशिष्ट पहचान है. वहीं, राज्यपाल रमेन डेका ने लोकतंत्र के इस मंदिर की प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए पक्ष-विपक्ष के समन्वय की सराहना की. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इसे स्वस्थ लोकतंत्र की सबसे बड़ी पहचान बताया.

अनूप जलोटा के भजनों से गूंजा परिसर: इस गरिमामयी समारोह के सांस्कृतिक सत्र में देश के प्रख्यात भजन गायक श्री अनूप जलोटा ने अपनी सुरीली आवाज में लोकप्रिय भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी, जिससे पूरा प्रेक्षागृह भक्तिरस और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया. कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-