नशामुक्ति के खिलाफ जबलपुर जीआरपी का अभियान, लगाये जागरुकता पोस्टर, आटो चालकों को दिलाई शपथ

नशामुक्ति के खिलाफ जबलपुर जीआरपी का अभियान, लगाये जागरुकता पोस्टर, आटो चालकों को दिलाई शपथ

प्रेषित समय :14:59:59 PM / Sun, Jul 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास संचालित ऑटो चालकों के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान ऑटो चालकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, यात्रियों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया. सभी ऑटो चालकों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई गई.

इस अवसर पर अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु ऑटो रिक्शाओं पर नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुँच सके. पुलिस अधिकारियों ने ऑटो चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में सहयोग दें.

कार्यक्रम में थाना जीआरपी जबलपुर के प्रधान आरक्षक रामनिवास ओझा, प्रधान आरक्षक शकील, प्रधान आरक्षक वीरान महेबिया, प्रधान आरक्षक कौशल तिवारी, प्रधान आरक्षक सुनील यादव एवं महिला आरक्षक मनीषा उपस्थित रहे. सभी पुलिसकर्मियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए ऑटो चालकों से संवाद कर उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-