दंतेवाड़ा के धुरली और हिरोली को विकास की बड़ी सौगात, सांसद महेश कश्यप ने 44 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया भूमिपूजन

दंतेवाड़ा के धुरली और हिरोली को विकास की बड़ी सौगात, सांसद महेश कश्यप ने 44 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया भूमिपूजन

प्रेषित समय :17:50:59 PM / Sun, Jul 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दंतेवाड़ा. बस्तर सांसद महेश कश्यप ने शनिवार को दंतेवाड़ा जिले के धुरली और हिरोली गांवों में एनएमडीसी लिमिटेड, किरंदुल कॉम्प्लेक्स के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया. इन परियोजनाओं पर कुल 44 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा.

धुरली में 33.60 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण, सोलर हाईमास्ट, सोलर ड्यूल पंप और स्ट्रीट लाइट सहित कई विकास कार्य शुरू किए गए. वहीं हिरोली क्षेत्र में लगभग 10.50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न जनहित परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया.

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सीएसआर और जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित और क्षेत्रीय विकास के कार्यों में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि बस्तर में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है. सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाना है. साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है.

हिरोली, समलवार और चोलनार गांवों में 17 सीसी सड़कें, 15 सोलर हाईमास्ट, 24 सोलर ड्यूल पंप और 3 सोलर स्ट्रीट लाइट का निर्माण किया जाएगा. इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी.

कार्यक्रम में एनएमडीसी के महाप्रबंधक कोड़ली श्रीधर ने बताया कि कंपनी भविष्य में भी सीएसआर के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देगी. साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना है.

जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम और अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए सांसद महेश कश्यप और एनएमडीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, एनएमडीसी के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-