अमेरिका में सैमसंग की बड़ी छंटनी, हेडक्वार्टर शिफ्ट और कारोबार में बदलाव से कर्मचारियों पर असर

अमेरिका में सैमसंग की बड़ी छंटनी, हेडक्वार्टर शिफ्ट और कारोबार में बदलाव से कर्मचारियों पर असर

प्रेषित समय :18:54:18 PM / Sun, Jul 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने अमेरिका में अपने कुछ कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी की यह कार्रवाई उसके डिस्प्ले, मोबाइल फोन और अन्य कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार से जुड़े कर्मचारियों को प्रभावित कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार इसका सबसे अधिक असर न्यू जर्सी और टेक्सास स्थित परिचालनों पर पड़ा है। हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कुल कितने कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स अमेरिका (एसईए) ने 30 जून को कर्मचारियों को सूचित किया था कि कंपनी स्तर पर पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत छंटनी की जा रही है और इससे बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रभावित होंगे। बताया गया है कि कंपनी अपने अमेरिकी मुख्यालय को न्यू जर्सी से टेक्सास स्थानांतरित करने की योजना पर काम कर रही है। इसी प्रक्रिया के चलते न्यू जर्सी के एंगलवुड क्लिफ्स स्थित कार्यालय के 739 कर्मचारियों पर इसका प्रभाव पड़ा है। इनमें से अधिकांश कर्मचारियों को नई जगह कार्य करने का प्रस्ताव दिया गया, जबकि कुछ कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

सूत्रों के अनुसार टेक्सास के प्लानो स्थित एसईए कार्यालय में भी करीब 100 कर्मचारियों की छंटनी की गई है। इनमें मोबाइल डिवीजन से जुड़े कुछ कर्मचारी भी शामिल बताए गए हैं। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स अमेरिका का मुख्य फोकस कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार पर है और इसमें कंपनी का चिप कारोबार शामिल नहीं है।

विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम सैमसंग के अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों की भिन्न स्थिति को भी दर्शाता है। एक ओर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी चिप्स की बढ़ती मांग के कारण कंपनी का सेमीकंडक्टर कारोबार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मोबाइल फोन, टीवी और अन्य कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार पर बढ़ती लागत और प्रतिस्पर्धा का दबाव बना हुआ है। कंपनी पहले ही संकेत दे चुकी है कि एआई चिप्स की मजबूत मांग के चलते दूसरी तिमाही का उसका मुनाफा 19 गुना तक बढ़ सकता है। हाल ही में सैमसंग ने नए चिप संयंत्रों में सैकड़ों अरब डॉलर के निवेश की योजना की भी घोषणा की थी।

इसके विपरीत मोबाइल और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। कंपनी को स्मार्टफोन बाजार में एप्पल तथा टीवी और घरेलू उपकरणों के क्षेत्र में चीन की कंपनियों टीसीएल और हिसेंसे से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। वहीं एआई बूम के कारण चिप्स की लागत बढ़ने से कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की लाभप्रदता भी प्रभावित हुई है।

हेडक्वार्टर स्थानांतरण का निर्णय इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि न्यू जर्सी स्थित नया कार्यालय एक वर्ष से भी कम समय पहले शुरू किया गया था। उस समय उद्घाटन कार्यक्रम में अमेरिकी सांसद जॉश गॉटहाइमर भी शामिल हुए थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार एसईए में न्यू जर्सी में लगभग 1,200 कर्मचारी कार्यरत हैं। वहीं 2025 के अंत तक चिप डिवीजन सहित अमेरिका में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के कुल 11,770 कर्मचारी थे।

कंपनी के पुनर्गठन और टेक्सास में परिचालन विस्तार की योजना के बीच कर्मचारियों में भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। कुछ कर्मचारियों का मानना है कि यदि कंपनी चिप कारोबार पर और अधिक ध्यान केंद्रित करती है तथा घरेलू उपकरण, होम एंटरटेनमेंट और मोबाइल डिवीजनों का एकीकरण करती है, तो आने वाले समय में भी छंटनी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-