जबलपुर। एमपी के जबलपुर-भोपाल रोड बेलखेड़ा में आज ग्रामीणों ने दुर्घटना में मृत हुए पांच युवकों के शवों को रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। तीन घंटे तक धरने पर बैठे लोगों का आरोप था कि यह हादसा नहीं हत्या है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में पहुंच गए। जिन्होने ग्रामीणों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी हाइवा चालक को पकड़ लिया जाएगा। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान यहां पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे।
बताया गया है कि जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर तेज रफ्तार हाईवा ने 6 दोस्तों को कुचल दिया। इनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे, लौटते समय इंदिरा नगर के पास हादसे का शिकार हो गए। हादसे में मृत हुए युवकों के परिजनों को इस बात की खबर लगी तो मातम छा गया। आज गुस्साए परिजनों व गांव के लोगों ने हाइवे पर शवों को रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के 18 घंटे बाद भी पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक का पता नहीं लगा सकी। सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए तथा निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के चलते यहां पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे, दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। हादसे में राजेंद्र पटेल उम्र 30 वर्ष, वीरेंद्र लोधी 20 वर्ष, राजपाल लोधी 21 वर्ष, जयपाल लोधी 30 वर्ष व नीरज लोधी 20 वर्ष की मौत हो चुकी है। अन्य घायल युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है। सुआतला थाना पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की सड़क दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।
जबलपुर-भोपाल हाइवे पर ग्रामीणों ने शवों को रखकर किया प्रदर्शन, आरोप लगाते हुए कहा, हादसा नहीं ये हत्या है
प्रेषित समय :19:12:43 PM / Mon, Jul 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




