जबलपुर में लूट के इरादे से युवक पर किया चाकू से हमला, विक्टोरिया अस्पताल में इलाज के लिए भटकाया

जबलपुर में लूट के इरादे से युवक पर किया चाकू से हमला, विक्टोरिया अस्पताल में इलाज के लिए भटकाया

प्रेषित समय :15:19:45 PM / Mon, Jul 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित मदनमहल क्षेत्र में एक युवक को तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से हमला कर दिया, हमले में घायल युवक जब परिजनों के साथ विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया तो उसे इलाज के लिए भटकाते रहे। कर्मचारियों ने पट्टी बांधकर कहा कि डाक्टर नहीं है। कहीं और इलाज करा ले। 
                                     बताया गया है कि आदित्य हास्पिटल रोड पर  बीती रात 8 बजे के लगभग लूट के इरादे से बदमाशों ने 20 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल शासकीय विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में घायल युवक को लंबे समय तक बैठाए रखा गया और उसका इलाज शुरू नहीं किया गया। काफी देर बाद केवल प्राथमिक पट्टी बांधकर स्टाफ ने डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए किसी अन्य अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दे दी। परिजनों का आरोप है कि विक्टोरिया अस्पताल में घायल युवक की मुलाहजा रिपोर्ट भी तैयार नहीं की गई, जबकि यह पुलिस जांच और आगे के उपचार के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इसके बाद जब घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तो वहां भी मुलाहजा रिपोर्ट नहीं होने के कारण करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस पूरी प्रक्रिया के चलते युवक का उपचार देर रात करीब दो बजे शुरू हो सका। घायल युवक के पिता आलोक सोनी ने इलाज में हुई देरी पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं, विक्टोरिया अस्पताल में देर रात ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ का कहना है कि युवक को भर्ती कर लिया गया था, लेकिन परिजन उसे अपनी इच्छा से दूसरे अस्पताल ले गए।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-