जबलपुर. एमपी के जबलपुर में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष यश घनघोरिया द्वारा आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहा है.
जयवर्धन सिंह ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए जोर दिया कि देश को इस समय यूनीफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) की नहीं, बल्कि यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड, समान शिक्षा नीति और समान चिकित्सा नीति की सख्त जरूरत है. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे. अपने संबोधन के दौरान विधायक जयवर्धन सिंह ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी व प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधलियों को लेकर सरकार को घेरा.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में सीबीएसई, नीट-पीएससी जैसी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि एनटीए में ऐसे अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनका ट्रैक रिकॉर्ड मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी विवादित रहा है और पेपर लीक से जुड़ा है.
जयवर्धन सिंह ने परीक्षा प्रणाली के निजीकरण पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने पूरी व्यवस्था के चार चरणों, पेपर सेटिंग, प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्टेशन और एग्जाम सेंटर पर सवाल उठाए. उनके अनुसार, इन चारों चरणों का ठेका और जिम्मेदारी निजी हाथों व दलालों को सौंप दी गई है. इससे अमीर परिवारों के बच्चों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि गरीब और योग्य छात्र अपनी मेहनत के बावजूद ठगे जा रहे हैं.
उन्होंने इसे निर्दोष और प्रतिभावान युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और बड़ा पाप करार दिया. कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जयवर्धन सिंह ने बताया कि राहुल गांधी द्वारा कोटा और देहरादून में शुरू की गई इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस पूरे देश के 100 से अधिक शहरों में यह आयोजन कर रही है. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की. इस अवसर पर जबलपुर शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, अमरीश मिश्रा और प्रदेश भर के कई युवा नेता व छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

