जबलपुर के स्पा सेंटरों में पुलिस की दबिश, कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले

जबलपुर के स्पा सेंटरों में पुलिस की दबिश, कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले

प्रेषित समय :20:28:32 PM / Wed, Jul 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर शहर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और कैफेटेरिया के खिलाफ बुधवार शाम पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की. नेपियर टाउन, राइट टाउन, इनकम टैक्स चौराहा और गोहलपुर क्षेत्र में एक साथ दबिश दी गई. कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.

पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं. आरोप था कि यहां रुपये लेकर न केवल नशा कराया जा रहा है, बल्कि गलत गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई. पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की.

राइट टाउन स्थित एक स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही कुछ युवक और महिलाएं मौके से फरार हो गए. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों से रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं. इन दस्तावेजों में सेंटर पर आने वाले लोगों का विवरण दर्ज बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई. उन्होंने कहा कि गोहलपुर और विजय नगर क्षेत्र के कुछ अन्य स्पा सेंटरों में भी अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिली है, जहां जांच और कार्रवाई जारी है. वहीं नगर निगम की टीम यह भी जांच कर रही है कि संचालित स्पा सेंटरों के पास वैध लाइसेंस और अन्य आवश्यक अनुमति है या नहीं.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-