रायपुर मेकाहारा अस्पताल में बड़ा हादसा: एसी फटने से इमरजेंसी वार्ड में फैली आग, मची अफरा-तफरी

रायपुर मेकाहारा अस्पताल में बड़ा हादसा: एसी फटने से इमरजेंसी वार्ड में फैली आग, मची अफरा-तफरी

प्रेषित समय :14:51:57 PM / Tue, Jul 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति संस्थान (मेकाहारा) के मेडिसिन इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. एसी (AC) में अचानक हुए धमाके और खराबी को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है. देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरे वार्ड और आसपास के कॉरिडोर में फैल गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया.

डॉक्टरों और स्टाफ ने दिखाया साहस, मरीजों को सुरक्षित ICU में किया शिफ्ट
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं. आग की विभीषिका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाई. सभी मरीजों को त्वरित कार्रवाई करते हुए आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित स्थानों और आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया.

जांच में जुटा प्रशासन
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया. प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट या एसी ब्लास्ट को हादसे की वजह बताया जा रहा है. पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-